राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए शुक्रवार, 13 फरवरी की सुबह एक और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया।
राजपुर रोड़ स्थित सिल्वर सिटी के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। थाना राजपुर पुलिस स्टेशन ने घटना की पुष्टि की है।
जिम से बाहर निकलते ही बरसाईं गोलियां
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह (निवासी सहस्त्रधारा रोड) सुबह जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर निकल रहे थे।
इसी दौरान हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीन गोलियां मारीं।
गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही शहर में गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की तिब्बती मार्केट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
उस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया था कि पारिवारिक साजिश के तहत 12 लाख रुपये में हत्या की योजना बनाई गई थी।
लगातार हो रही गोलीकांड की घटनाओं से राजधानी में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
















Leave a Reply