रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

हल्द्वानी में डबल मर्डर से सनसनी, गल्ला मंडी में युवक-युवती के शव बरामद

उत्तराखंड के नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गल्ला मंडी परिसर के अंदर एक युवक और एक युवती के शव बरामद हुए।

दोनों की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मंडी परिसर के अंदर मिले शव, पुलिस महकमे में हड़कंप

सुबह श्रमिक जब मंडी इलाके में काम पर पहुंचे, तब उन्होंने दोनों शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ, कोतवाल सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे परिसर की बेरिकेडिंग कर दी गई है ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके।

बेरहमी की हद पार, सिर बुरी तरह कुचले

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हत्यारों ने बेहद बेरहमी से युवक और युवती के सिर पत्थरों से कुचल दिए।

दोनों के चेहरे इस कदर क्षतिग्रस्त हैं कि पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है। जिसने भी यह दृश्य देखा, उसका दिल दहल गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मंडी क्षेत्र में आने-जाने वालों की जानकारी जुटा रही है।

पहचान की कोशिश जारी, युवक की जेब से मिली आईडी

पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवती की उम्र करीब 21-22 वर्ष और युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है।

युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले की एक आईडी बरामद हुई है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं युवती के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके।

देहरादून हत्याकांड के बाद दूसरा बड़ा मामला

गौरतलब है कि गुरुवार को ही देहरादून के तिब्बती बाजार में गैस एजेंसी संचालक, जो रिटायर्ड कर्नल का बेटा था, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हालांकि पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया था। ऐसे में हल्द्वानी का यह डबल मर्डर मामला नैनीताल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

हत्या के पीछे क्या है मकसद? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और अन्य आपराधिक एंगल से मामले की जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

https://regionalreporter.in/former-soldier-lal-singh-rautela-passes-away/
https://youtu.be/GcrPprQqlkM?si=gXuiwrXS80X2cK9W
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *