अयान मंसूरी बने सफल उद्यमी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड विजन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की
प्रतिबद्धता का सकारात्मक असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से आम नागरिक न केवल अपने सपनों को साकार कर रहे हैं,
बल्कि आत्मनिर्भर बनकर दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
मजदूरी से उद्यमिता तक का सफर
विकासखंड दुगड्डा के अंतर्गत पदमपुर निवासी 46 वर्षीय अयान मंसूरी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना
की सफलता की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरे हैं।
आठवीं कक्षा तक शिक्षित अयान मंसूरी पहले सात सदस्यीय परिवार का भरण-पोषण मजदूरी कर किया करते थे।
हालांकि, स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा उन्हें लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रही।

योजना से मिली नई दिशा
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी मिलने के बाद अयान मंसूरी ने
रजाई एवं गद्दा निर्माण को अपने व्यवसाय के रूप में चुना।
इस पूरी प्रक्रिया में जिला उद्योग केंद्र द्वारा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और दस्तावेजी सहयोग प्रदान किया गया।
वर्ष 2024-25 में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कोटद्वार के माध्यम से ₹10 लाख का ऋण स्वीकृत होने के बाद अयान मंसूरी ने अपना व्यवसाय शुरू किया।
रोजगार के साथ बढ़ रहा कारोबार
आज अयान मंसूरी का उद्यम न केवल सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है,
बल्कि इसके माध्यम से तीन अन्य स्थानीय लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
वर्तमान में उनके व्यवसाय का मासिक टर्नओवर लगभग ₹3 लाख है
और वे प्रतिमाह ₹25,000 से ₹30,000 तक का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं।
लाभार्थी ने जताया आभार
अयान मंसूरी का कहना है कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
इस योजना के चलते आज वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का जीवनयापन कर पा रहे हैं
और भविष्य में अपने व्यवसाय को और विस्तार देने की योजना बना रहे हैं।
जिला उद्योग केंद्र की भूमिका अहम
जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का उद्देश्य
पात्र लाभार्थियों को वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
उन्होंने कहा कि अयान मंसूरी जैसे लाभार्थियों की सफलता इस योजना की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
जिला उद्योग केंद्र द्वारा आवेदन से लेकर ऋण स्वीकृति और व्यवसाय प्रारंभ होने तक
निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
अयान मंसूरी की यह सफलता कहानी राज्य सरकार की स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर
केंद्रित नीतियों की मजबूती को दर्शाती है।
साथ ही यह प्रदेश के अन्य युवाओं और बेरोजगारों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है।

















Leave a Reply