8 साल का बच्चा अब भी लापता
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के बरठीं के भल्लू में मंगलवार शाम यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस पर पहाड़ी से चट्टान गिर गई।
इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हुए हैं और एक 8 साल का बच्चा अब भी लापता है।
हादसे के बाद देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला लेकिन भारी बारिश और भूस्खलन के चलते इसे रोकना पड़ा। बुधवार सुबह से एक बार फिर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
मृतकों का पोस्टमार्टम जारी
बिलासपुर के सीएचसी बरठीं में 15 मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। सीएमओ शशिदत्त शर्मा ने बताया कि सुबह 7 बजे शुरू हुआ पोस्टमार्टम 10:30 बजे तक पूरा होने की संभावना है। प्रशासन ने अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था की है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF और प्रशासन की टीमें
बिलासपुर प्रशासन के मुताबिक, सुबह 6:40 बजे से रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया गया। एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम लगातार मलबा हटाने में जुटी है।
एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट करम सिंह ने बताया कि “बस में करीब 18 लोग सवार थे, जिनमें से 15 शव निकाले जा चुके हैं, दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और एक बच्चा अभी भी लापता है। जब तक उसे खोज नहीं लिया जाता, हमारा अभियान जारी रहेगा।”
डिप्टी सीएम मौके पर पहुंचे, PM ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलते ही हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह हादसा हृदय विदारक है और सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
पीड़ित परिवारों का दर्द
हादसे में बचे राजकुमार ने बताया कि उनके बच्चे सुरक्षित हैं लेकिन उनके परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की लापरवाही और सुरक्षा प्रबंधों की कमी के चलते आम जनता को जान गंवानी पड़ रही है।
मृतकों की सूची जारी
प्रशासन ने मृतकों की सूची जारी कर दी है, जिसमें 9 पुरुष, 4 महिलाएं और 2 मासूम बच्चे शामिल हैं। मृतकों में नक्ष (7 वर्ष), आरव (4 वर्ष), बक्शी राम (42 वर्ष), नरेंद्र कुमार (52 वर्ष), कृष्ण लाल (30 वर्ष), राजेंद्र (36 वर्ष), चुनी लाल (52 वर्ष), राजीव (40 वर्ष), शरीफ खान (25 वर्ष), संजीव कुमार (15 वर्ष), अंजना कुमारी (29 वर्ष), प्रवीण कुमार (40 वर्ष), कांता देवी (51 वर्ष), कमलेश (36 वर्ष) और अमर सिंह (36 वर्ष) शामिल हैं।
शोक संवेदनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
















Leave a Reply