रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

श्रीनगर बेस अस्पताल में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

हाई-टेक एम्बुलेंस समर्पित; 3 करोड़ की पार्किंग निर्माण की घोषणा

देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ. धन सिंह रावत

प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को

राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस चिकित्सालय में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए राज्य पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाई-टेक एम्बुलेंस

को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया।

एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत और नई एम्बुलेंस की सौगात पर स्थानीय लोगों ने आभार व्यक्त किया।

90 दिन का मेगा अभियान, 1.22 लाख बेटियों को टीका

डॉ. रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एचपीवी

टीकाकरण का नि:शुल्क अभियान शुरू किया गया है।

प्रदेश में 90 दिनों के मेगा अभियान के तहत 1 लाख 22 हजार बेटियों को टीका लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए राज्यभर में 155 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं।

बाजार में लगभग 4,500 रुपये कीमत वाला यह टीका अब सरकार द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

मंत्री ने इसे आयुष्मान योजना के बाद बेटियों की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने टीकाकरण के लिए पहुंची बालिकाओं को शुभकामनाएं दीं और टीकाकरण के बाद प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

बेस अस्पताल को हाई-टेक एम्बुलेंस की सौगात

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बेस चिकित्सालय की मांग पर अत्याधुनिक सुविधाओं से

युक्त हाई-टेक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

विधायक निधि से अब तक पूरे जिले में सात एम्बुलेंस दी जा चुकी हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

तीन करोड़ की लागत से बनेगी बहुमंजिला पार्किंग

मंत्री ने कहा कि बेस चिकित्सालय में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं।

मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में

तीन मंजिला पार्किंग निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे।

शीघ्र ही शासनादेश जारी कर भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

डैम कॉलोनी में आवास निर्माण, 30 करोड़ की धनराशि जारी

डॉक्टरों, छात्रों और अन्य स्टाफ की आवासीय समस्या के समाधान के लिए

डैम कॉलोनी में उपलब्ध 400 नाली भूमि पर आवास निर्माण की योजना बनाई गई है।

मंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को अब तक लगभग 30 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जा चुकी है,

जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।

कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनिता रावत, सीएमओ पौड़ी शिव मोहन शुक्ला, सीएमएस डॉ. विमल गुंसाई, प्रभारी एमएस डॉ. दीपा हटवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद, एएनएम, आशा कार्यकर्त्रियां एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

https://youtu.be/9sSkYqHHZzs?si=r7UXC5Tj2lbF5syx
https://regionalreporter.in/flights-disrupted-due-to-west-asia-tensions/
Website |  + posts

लेखिका बीते ढाई दशक से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं.वर्ष 2015 से रीजनल रिपोर्टर के संपादक के पद पर कार्यरत हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *