iPhone नहीं पारिवारिक कलह थी वजह? पुलिस जांच में सामने आई ये बात
महाराष्ट्र के चांदगुडे परिवार की तीन मौतों के मामले में पुलिस जांच के दौरान नई जानकारी सामने आई है।
शुरुआत में घटना की वजह iPhone को लेकर विवाद बताई गई थी, लेकिन अब पुलिस पारिवारिक कलह के एंगल से भी जांच कर रही है।
कुणाल माता-पिता को साथ देखना चाहता था
रिश्तेदारों के मुताबिक, कुणाल अपने माता-पिता के बीच चल रही अनबन से परेशान था और दोनों को फिर साथ देखना चाहता था।
परिजनों ने दावा किया कि मुरलीधर और संगीता के बीच कई महीनों से मतभेद चल रहे थे,
जिसका असर कुणाल पर भी पड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में परिवार के भीतर गंभीर मतभेद
होने की बात सामने आई है और iPhone को मुख्य वजह मानना अभी तय नहीं है।
iPhone वाली थ्योरी पर पुलिस ने क्या कहा
घटना के शुरुआती घंटों में सामने आया था कि कुणाल ने iPhone की मांग पूरी नहीं होने पर पहाड़ से कूदने की धमकी दी थी।
हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि कुणाल और उसकी मां संगीता दोनों पहले से iPhone इस्तेमाल कर रहे थे,
इसलिए मामला सिर्फ फोन की मांग तक सीमित नहीं माना जा रहा।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि परिवार में iPhone की EMI या भुगतान को लेकर कोई आर्थिक परेशानी थी या नहीं।
पहले भी इसी पहाड़ पर पहुंचा था कुणाल
जांच में यह भी सामने आया है कि कुणाल करीब एक साल पहले भी इसी जगह पहुंचकर आत्महत्या की धमकी दे चुका था।
उस समय पुलिस ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था,
लेकिन इस बार करीब तीन घंटे चले बचाव प्रयास के बावजूद उसे नहीं बचाया जा सका।
21 अगस्त को हुआ था दर्दनाक हादसा
21 अगस्त को कुणाल छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव क्षेत्र स्थित खवड्या डोंगर पहुंचा और पहाड़ के किनारे जाकर खड़ा हो गया।
माता-पिता, ग्रामीण, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटे तक उसे समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की थी।
बचाव दल ने नीचे सुरक्षा जाल भी लगाया था, लेकिन कुणाल लगातार अपनी स्थिति बदल रहा था, जिससे बचाव अभियान मुश्किल हो गया।
करीब एक बजे पिता मुरलीधर बेटे के पास पहुंचे और उसे पकड़ने की कोशिश की,
लेकिन दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए।
बेटे और पति को गिरते देखकर संगीता भी पहाड़ से नीचे चली गईं, जिसके बाद तीनों की मौत हो गई।
कुणाल पढ़ाई में था होनहार
पुलिस को परिवार के घर से NEET परीक्षा से जुड़ी पढ़ाई की सामग्री भी मिली है
और कुणाल को पढ़ाई में अच्छा बताया गया।
रिश्तेदारों के अनुसार, कुणाल मेडिकल की पढ़ाई करना चाहता था और डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था।
परिवार के रिश्तों को लेकर अलग-अलग दावे
मुरलीधर की बहन शोभा राजेंद्र मस्के ने दंपती के रिश्ते को लेकर अलग जानकारी दी है और लंबे समय से मतभेद होने की बात कही है।
दूसरी ओर, परिवार को करीब से जानने वाले पड़ोसियों ने रोजमर्रा की जिंदगी में किसी बड़े विवाद के संकेत नहीं मिलने की बात कही थी।
इससे पुलिस अब परिवार के भीतर चल रहे विवाद और घटना के संभावित कारणों की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
शेरू को मिला नया सहारा
इस घटना के बाद परिवार का पालतू कुत्ता शेरू घर में अकेला रह गया था
और कई दिनों तक परिवार के लौटने का इंतजार करता रहा।
पुलिस द्वारा घर खोलने के बाद शेरू को परिजनों ने पशु कल्याण संगठन की देखरेख में सौंप दिया था।
ताजा जानकारी के मुताबिक, शेरू को अब नया घर मिल गया है और पशु कार्यकर्ता शैलेश माने ने उसे गोद लिया है।
अब तक की जांच में क्या सामने आया?
पुलिस फिलहाल घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की भूमिका
और iPhone EMI से जुड़े संभावित आर्थिक दबाव की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर संगीता के कुछ पुराने वीडियो भी सामने आए हैं,
जिनमें उन्होंने निजी परेशानियों का संकेत दिया था।
यानी अब तक की जांच में iPhone को अकेली वजह मानने के बजाय पारिवारिक तनाव को भी महत्वपूर्ण एंगल माना जा रहा है।















Leave a Reply