पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), गौचर में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय
आधारभूत कंप्यूटर प्रशिक्षण संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण में चार विकासखंडों के 20 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
शिक्षकों को शिक्षण कार्यों के साथ विभागीय और प्रशासनिक कार्यों में कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का समापन डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में हुआ।
उन्होंने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण शिक्षकों की शिक्षण शैली को बेहतर बनाने और प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाने में मददगार है।
उन्होंने शिक्षकों को स्वाध्याय, स्वअनुशासन, समय प्रबंधन, स्वप्रेम और नशामुक्ति का संदेश भी दिया।

एआई से लेकर स्मार्ट बोर्ड तक की जानकारी
कार्यक्रम समन्वयक सुमन भट्ट ने कहा कि वर्तमान तकनीकी दौर में शिक्षकों के लिए कंप्यूटर का ज्ञान जरूरी है।
इसके माध्यम से वीडियो, एनिमेशन, चित्रों और डिजिटल प्रेजेंटेशन की मदद से पाठों को अधिक रोचक बनाया जा सकता है।
कंप्यूटर रिकॉर्ड प्रबंधन, पाठ योजना तैयार करने और अभिभावकों के साथ संवाद बेहतर बनाने में भी उपयोगी है।
प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की जानकारी भी दी गई।
मुख्य संदर्भदाता दिनेश बधानी ने आईसीटी के शैक्षिक उपयोग, कंप्यूटर परिचय, माइक्रोसॉफ्ट पेंट,
वर्ड और एक्सेल, आईएफएमएस, ई-मेल तथा स्मार्ट बोर्ड के उपयोग का प्रशिक्षण दिया।
वहीं, संदर्भदाता आलोक रंजन नेगी ने माइक्रोसॉफ्ट पावरपॉइंट, विभागीय वेबसाइटों, गूगल शीट,
दस्तावेजों को पीडीएफ में बदलने, मोबाइल को स्मार्ट बोर्ड से जोड़ने और व्हाट्सएप वेब के उपयोग की जानकारी दी।

शिक्षकों ने प्रशिक्षण को बताया उपयोगी
फीडबैक सत्र में कर्णप्रयाग से सरोज डिमरी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घतोड़ा;
पोखरी से वंदना चौहान, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तमुंडी और हरेन्द्र सिंह,
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरसा; गैरसैंण से मधु रावत,
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटियाला; तथा दशोली से मंजू बिष्ट, राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय वासी ने प्रशिक्षण को लाभप्रद और समयानुकूल बताया।
कार्यक्रम के शुभारंभ और समापन सत्रों का संचालन समन्वयक सुमन भट्ट ने किया। इस अवसर पर डायट के संकाय सदस्य कमलेश कुमार और गजपाल राम सहित अन्य उपस्थित रहे।

















Leave a Reply