रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

चारधाम यात्रा के दबाव में शाम की श्रीनगर-दिल्ली बस सेवा बंद

यात्रियों और छात्रों की बढ़ी परेशानी

चारधाम यात्रा सीजन के बढ़ते दबाव के चलते श्रीनगर रोडवेज डिपो द्वारा संचालित शाम 6 बजे वाली श्रीनगर-दिल्ली बस सेवा फिलहाल बंद कर दी गई है।

बस सेवा बंद होने से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार यात्रा सीजन में बसों की भारी कमी के चलते रोडवेज प्रशासन ने अधिकांश बसों को चारधाम यात्रा संचालन में लगा दिया है।

पहले श्रीनगर डिपो से तीन बसें यात्रा रूटों पर भेजी गई थीं,

जिसके बाद यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली रूट की शाम की बस को भी यात्रा संचालन में शामिल कर दिया गया।

व्यापारियों और छात्रों को हो रही परेशानी

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि शाम की बस सेवा उनके लिए बेहद सुविधाजनक थी।

व्यापारी रात में दिल्ली के लिए रवाना होकर अगले दिन खरीदारी कर वापस लौट आते थे,

जिससे समय की बचत के साथ कारोबार भी प्रभावित नहीं होता था। अब बस सेवा बंद होने के बाद उन्हें दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

वहीं छात्रों का कहना है कि सप्ताहांत में घर आने-जाने के लिए शाम की बस सबसे बेहतर विकल्प थी।

सेवा बंद होने के बाद उनकी यात्रा कठिन हो गई है।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी बंद

यात्रा सीजन के दौरान रोडवेज की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा भी बंद कर दी गई है।

यात्रियों का कहना है कि ऑनलाइन सीट बुकिंग बंद होने से उन्हें बस अड्डों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

सीट मिलने को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।

लोगों ने रोडवेज प्रशासन से जल्द ऑनलाइन टिकट व्यवस्था दोबारा शुरू करने की मांग की है।

यात्रियों की बढ़ी भीड़

चारधाम यात्रा के चलते ऋषिकेश से प्रतिदिन करीब 30 बसें यात्रा मार्गों पर संचालित की जा रही हैं।

ऐसे में अन्य रूटों पर बसों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। फिलहाल श्रीनगर से दिल्ली के लिए सुबह 8 बजे और सुबह 9:30 बजे बस सेवा संचालित हो रही है,

जबकि दिल्ली से श्रीनगर वापसी के लिए रात 9:30 बजे बस उपलब्ध है।

रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रा सीजन सामान्य होने के बाद श्रीनगर-दिल्ली की शाम वाली बस सेवा को दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

https://regionalreporter.in/youth-arrested-with-smack-near-nit-srinagar/
https://youtu.be/BAM6iifLkq8?si=55P-BJwWL3HTWetU
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *