शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO)
की ओर से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
विद्यार्थियों ने कविता, गीत, विचार और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी अभिव्यक्ति रखी।
भगत सिंह के विचारों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच भगत सिंह के विचारों, उनकी वैज्ञानिक दृष्टि और समाज को बेहतर बनाने के
उनके सपने पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने कहा कि भगत सिंह को केवल जयंती के अवसर पर याद करने के बजाय
उनके विचारों को समझना और छात्र-युवा जीवन में उन पर चर्चा करना जरूरी है।

गढ़वाल विश्वविद्यालय में AIDSO की यूनिवर्सिटी कमेटी गठित
कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल विश्वविद्यालय में AIDSO की यूनिवर्सिटी कमेटी का भी गठन किया गया।
संगठन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रिया को अध्यक्ष, तन्मय और शंभू को उपाध्यक्ष तथा निशा
को सचिव बनाया गया है। वहीं ऋतुराज, पारस और मुस्कान समेत कुल 30 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
शैक्षणिक और छात्र समस्याओं को उठाने की बात
AIDSO ने कहा कि विश्वविद्यालय को केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्क,
वैज्ञानिक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक चेतना के विकास का केंद्र होना चाहिए। नई यूनिवर्सिटी कमेटी विद्यार्थियों की
शैक्षणिक और अन्य छात्र समस्याओं को उठाने के साथ कैंपस में अकादमिक बहस, सांस्कृतिक गतिविधियों और
लोकतांत्रिक छात्र भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए काम करेगी।

वैज्ञानिक और लोकतांत्रिक वातावरण बनाने का दावा
संगठन के मुताबिक नई कमेटी विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक शिक्षा के लिए विद्यार्थियों
के बीच काम करेगी। AIDSO ने कहा कि भगत सिंह की जयंती पर गठित यह कमेटी विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक
सोच, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों और शिक्षा के अधिकार को मजबूत करने के साथ बेहतर अकादमिक एवं
लोकतांत्रिक वातावरण बनाने की दिशा में लगातार काम करेगी।















Leave a Reply