श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में कंप्यूटर लैब की अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय
प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं। छात्र संघ उपाध्यक्ष शिवांग नौटियाल के नेतृत्व में बीएससी कंप्यूटर साइंस, बीटेक,
एमटेक समेत अन्य पाठ्यक्रमों के छात्र कुलसचिव कार्यालय पहुंचे और लैब की व्यवस्था सुधारने की मांग की।
पुराने कंप्यूटरों से प्रैक्टिकल पढ़ाई प्रभावित
छात्रों का कहना है कि कई कंप्यूटर लैब में पुराने सिस्टम लगे होने के कारण प्रैक्टिकल पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
कुछ कंप्यूटरों में जरूरी सॉफ्टवेयर और प्रोग्राम ठीक से नहीं चल पाते। ऐसे में छात्रों को प्रैक्टिकल के लिए निजी
लैपटॉप का सहारा लेना पड़ रहा है। जिन छात्रों के पास लैपटॉप नहीं हैं, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
MCA लैब का UPS कई महीनों से खराब
छात्रों ने MCA लैब में लंबे समय से खराब पड़े UPS का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि UPS खराब होने के कारण
प्रैक्टिकल कार्य प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों के मुताबिक इस समस्या को पहले भी प्रशासन के सामने रखा गया था, लेकिन
समाधान नहीं हुआ।
BSc कंप्यूटर साइंस में फैकल्टी की कमी
छात्रों ने बीएससी कंप्यूटर साइंस में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने नियमित शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ
जरूरत के अनुसार गेस्ट फैकल्टी नियुक्त करने की मांग की, ताकि पढ़ाई और प्रैक्टिकल प्रभावित न हों।
एक सप्ताह में UPS ठीक करने का आश्वासन
मामले में कुलसचिव प्रोफेसर वाईपी रवानी ने छात्रों और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया
कि खराब UPS को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कर ऑपरेशनल किया जाएगा। पुराने कंप्यूटरों को लेकर भी आवश्यक
कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कंप्यूटर साइंस विभाग में 138 नए कॉन्फिगरेशन वाले कंप्यूटर उपलब्ध हैं।
कुछ पुराने कंप्यूटर छोटे-मोटे कार्यों और C Programming जैसे बेसिक कार्यों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
छात्रों की मांग के बाद पुराने कंप्यूटरों को डिस्पोज करने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गेस्ट फैकल्टी की मांग को संबंधित अधिकारी के समक्ष भेजने की बात कही गई है।
प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।















Leave a Reply