टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया,
जिसमें स्कूटी और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी से लौटने के बाद हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत और हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन सिडकुल स्थित अशोका लिलैंड कंपनी में कार्यरत थे।
शनिवार शाम को दोनों अपने साथी रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय आकाश के साथ स्कूटी से एक विवाह समारोह में शामिल होने हल्द्वानी गए थे।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह से लौटने के बाद तीनों रुद्रपुर पहुंच गए थे,
लेकिन इस दौरान उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया।
मोबाइल लेने के लिए तीनों युवक रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए निकल पड़े।
टांडा जंगल में हुआ हादसा
इसी दौरान जब वे संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचे,
तो सामने से आ रही स्कॉर्पियो कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए,
जबकि स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी
सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
अस्पताल में मृत घोषित
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।















Leave a Reply