हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
उत्तराखंड के देहरादून जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई।
कालसी क्षेत्र के हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
हिमाचल से पांवटा जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब जा रही थी।
बस का नंबर HP-66A-2588 बताया जा रहा है। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस मौके पर पहुंची
आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को CCR देहरादून को दुर्घटना की सूचना मिली।
इसके बाद सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF की टीमें डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी पोस्ट से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
पुलिस और राहत दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भेजा गया
रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पास देते समय हुआ हादसा, जांच जारी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक किसी अन्य वाहन को पास देने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान बस सड़क से अधिक किनारे की ओर चली गई और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे की सूचना बस परिचालक ने पुलिस को दी थी
चालक और परिचालक की पहचान
बताया जा रहा है कि बस चालक का नाम दिनेश शर्मा और परिचालक का नाम जगदीश चंद है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

















Leave a Reply