भवाली-ज्योलीकोट मार्ग पर भूमियाधार के पास शनिवार शाम पर्यटकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में हरियाणा निवासी एक पर्यटक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि सभी पर्यटक कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।
भूमियाधार के पास वाहन अचानक सड़क से नीचे चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अंधेरे में खाई में उतरी पुलिस और एसडीआरएफ
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के बावजूद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और क्षतिग्रस्त वाहन तक पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने भी राहत-बचाव अभियान में टीम का सहयोग किया। घायलों को उपचार के लिए भवाली अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान करनाल, हरियाणा निवासी देवदास के रूप में बताई गई है।
घायलों में राहुल, रविंद्र, विनोद और विक्रम शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार वाहन में सवार एक व्यक्ति सुरक्षित बच गया था।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या चालक को झपकी आने समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
















Leave a Reply