दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ी कार्रवाई की है।
प्राधिकरण ने लापरवाही के आरोप में टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
साथ ही निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
बारिश के बाद धंसी थी एक्सप्रेस-वे की सड़क
गुरुवार को मेरठ-करनाल हाईवे स्थित खेड़ा मस्तान गांव के पास लगातार बारिश के चलते दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का एक
हिस्सा बीच से धंस गया था। इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार गड्ढे में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया शिकायत के बाद हरकत में आया NHAI
पीड़ित द्वारा सोशल मीडिया और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शिकायत किए जाने के बाद NHAI की टीम मौके पर पहुंची और
तत्काल सड़क की मरम्मत शुरू कराई। कुछ ही समय में गड्ढों को भरकर यातायात बहाल कर दिया गया।
टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए NHAI ने टीम लीडर की जिम्मेदारी संभाल रहे कुलदीप राजदान और ठेकेदार के प्रोजेक्ट
मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा चैतन्या प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी (CPC)
प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
मरम्मत पूरी, नाली निर्माण कार्य जारी
NHAI के अनुसार एक्सप्रेस-वे के प्रभावित हिस्से की मरम्मत पूरी कर ली गई है और अब यातायात सामान्य रूप से संचालित
हो रहा है। हालांकि, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली के मरम्मत कार्य अभी जारी हैं।
फिलहाल जलभराव से बचाव के लिए अस्थायी नाली बनाई गई है।
NHAI ने दिए आगे भी कार्रवाई के संकेत
NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क धंसने के मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को
निलंबित किया गया है और संबंधित कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर आगे भी
सख्त कार्रवाई की जाएगी















Leave a Reply