बमठी गांव में गुलदार के हमले से बढ़ा डर
गढ़वाल के पौड़ी जिले के ग्रामीण इलाकों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि ग्रामीणों के लिए अपने गांव और जीवन को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन गया है।
लगातार हो रहे हमलों से लोगों में भय का माहौल है और कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन का मन बना रहे हैं।
बीते दिन विकासखंड पौड़ी के बमठी गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना निवाला बना लिया था।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।
अगले ही दिन महिला पर दिनदहाड़े हमला
घटना के अगले ही दिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे गुलदार ने गांव की महिला रेखा देवी पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला घर के पीछे जा रही थी, तभी गुलदार ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया।
हालांकि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों की सतर्कता से महिला की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
डीएम कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, किया प्रदर्शन
लगातार हो रहे हमलों से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पौड़ी पहुंचे
और डीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुलदार के
आतंक से तत्काल राहत दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग समय रहते कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है,
जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
वन विभाग ने तैनात की टीमें
प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की, लेकिन बातचीत का कोई ठोस परिणाम नहीं निकल पाया।
वन विभाग का दावा है कि क्षेत्र में एक गुलदार को पिंजरे में कैद किया गया है,
जबकि एक अन्य गुलदार को मार गिराया गया है।
डीएफओ गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि इलाके में दो शूटरों समेत तीन टीमें तैनात की जा रही हैं, ताकि गुलदार के आतंक पर काबू पाया जा सके।
एकेश्वर क्षेत्र में भी गुलदार का खौफ
इधर विकासखंड एकेश्वर के सासौं गांव में भी गुलदार का आतंक जारी है।
शनिवार सुबह गुलदार ने दिनदहाड़े एक बछिया को मार डाला, जबकि दूसरी को घायल कर दिया।
लगातार बढ़ रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी दहशत और वन विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं कई मामले
बताते चलें कि 10 मार्च को कोट ब्लॉक के बलमणा गांव निवासी 45 वर्षीय प्रकाश लाल का शव संदिग्ध हालत में मिला था।
शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि गुलदार ने उन्हें अपना शिकार बनाया है।
वहीं पौड़ी के इडवालस्यूं क्षेत्र में भी गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो चुकी है। इ
ससे पहले गजल्ड़ और बाड़ा गांव में भी गुलदार के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार बढ़ते हमलों से पलायन का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो लोग गांव छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे।
बच्चों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। शाम ढलते ही गांवों में सन्नाटा पसरने लगा है।
















Leave a Reply