रायवाला थाना क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून हाईवे स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक थार चालक ने
मेडिकल कॉलेज के छात्रों और बस चालक को कथित तौर पर कुचलने का प्रयास किया।
घटना के बाद आरोपी चालक थार लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो बस में सवार एक छात्रा ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद
मेडिकल छात्रों को लेकर बस हरिद्वार की ओर जा रही थी। नेपाली फार्म के पास थार चालक कथित तौर पर बार-बार बस को ओवरटेक कर रहा था।
मोतीचूर फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद बस चालक और थार चालक के बीच विवाद हो गया।
विवाद के बाद कुछ छात्र बस से नीचे उतरकर मामला शांत कराने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान बस में मौजूद छात्राएं घटनाक्रम का वीडियो बना रही थीं।
अचानक छात्रों की ओर दौड़ा दी थार
आरोप है कि बातचीत के दौरान थार चालक ने अचानक वाहन बस चालक और वहां खड़े छात्रों की ओर तेज गति से दौड़ा दिया।
इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने किसी तरह खुद को बचाया, जबकि कुछ लोग थार के बोनट पर चढ़ गए।
घटना में बस चालक को चोटें आने की बात सामने आई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद आरोपी चालक थार लेकर फरार हो गया।
अस्पताल कर्मचारी प्राची शर्मा की तहरीर पर रायवाला थाने में अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रायवाला के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत के मुताबिक पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी वाहन
और चालक की पहचान करने में जुटी है।
पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















Leave a Reply