राजेश भट्ट
2 मिनट में 25 योगासन कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
माथे पर दीपक रखकर अद्भुत प्रदर्शन, अंतर्राष्ट्रीय योग रत्न 2026 से हुए सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के पावन और वैश्विक मंच पर योग की महान परंपरा को नई ऊंचाई देते हुए
अंतर्राष्ट्रीय योगाचार्य ओम योगी विशाल भारद्वाज ने अपना पांचवां विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर इतिहास रच दिया।
माथे पर दीपक रखकर किया अद्भुत प्रदर्शन
अद्भुत साधना, अटूट एकाग्रता और असाधारण साहस का परिचय देते हुए ओम योगी ने माथे पर
प्रज्वलित दीपक रखकर मात्र 2 मिनट में 25 योगासन पूर्ण किए।
यह दृश्य वहां मौजूद दर्शकों के लिए बेहद आश्चर्यजनक और प्रेरणादायक रहा-मानो योग की दिव्य शक्ति साकार रूप में मंच पर उतर आई हो।
अंतर्राष्ट्रीय योग रत्न 2026 से सम्मानित
इस भव्य आयोजन में ओम योगी विशाल भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उनके अद्वितीय प्रदर्शन और योग के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उन्हें इसी मंच पर
अंतर्राष्ट्रीय योग रत्न पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।
गंगा तट पर हुआ भव्य आयोजन
यह कार्यक्रम गंगा रिजॉर्ट में आयोजित किया गया, जहां देश-विदेश से आए योग साधकों, संतों और गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इन प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल गुरमीत सिंह, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
इसके अलावा स्वामी जितानंद महाराज, अवधेशानंद गिरि और श्री श्री रविशंकर समेत अनेक संत, योगाचार्य और देश-विदेश से आए साधकों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
योग को वैश्विक पहचान देने की दिशा में कदम
यह आयोजन उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा
उत्तराखंड सरकार के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
गुरु और माता को समर्पित की उपलब्धि
ओम योगी विशाल भारद्वाज ने इस उपलब्धि को अपनी माता उमा देवी, योग गुरु स्वामी जितानंद महाराज और ज्ञान गुरु अंकुर वत्स को समर्पित किया।
योग के प्रचार-प्रसार में जुटे ओम योगी
ओम योगी इससे पहले भी कई विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर चुके हैं। उनका जीवन केवल उपलब्धियों तक सीमित नहीं है,
बल्कि योग के माध्यम से आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का एक निरंतर अभियान है।
निशुल्क योग शिविरों के जरिए वे विद्यालयों, गुरुकुलों और विश्वविद्यालयों में युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मबोध के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।
















Leave a Reply