उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित योगनगरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया।
उज्जैनी एक्सप्रेस वॉशिंग लाइन में शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए बफर स्टॉप से जा टकराई।
हादसे में इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।
तेज आवाज से दहशत में आए लोग
हादसे के दौरान जोरदार आवाज सुनकर आसपास के खांड गांव और अन्य इलाकों के लोग घबरा गए।
स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेलवे टीम
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। जीआरपी, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और स्टेशन प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
शंटिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी।
इसके बाद ट्रेन को वॉशिंग लाइन में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन अचानक अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।
यह ट्रेन मंगलवार सुबह उज्जैन के लिए रवाना होने वाली थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी पर जाकर पटरी छोड़ दी।
इसके बाद डिब्बे झटके के साथ दीवार से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी या लापरवाही मानी जा रही है।
हालांकि रेलवे अधिकारी फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी टीम रिपोर्ट तैयार कर रही है।
ट्रैक को किया गया साफ
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया गया।
रेल प्रशासन ने क्रेन और जैक की मदद से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाया। कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे ट्रैक को पूरी तरह साफ कर लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
हादसे के बाद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।















Leave a Reply