दिल्ली और मोदीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए सोमवार को बड़ी राहत की खबर सामने आई। रुड़की रोडवेज बस अड्डे से
दिल्ली और मोदीनगर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर दी गई है। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बसों को हरी झंडी
दिखाकर रवाना किया। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिल गया है।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि रुड़की से मोदीनगर और दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
किया जाएगा। बसें रुड़की रोडवेज बस अड्डे से निर्धारित समय पर रवाना होंगी। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आने-
जाने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा गया ध्यान
नई इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा के साथ सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बसों में एयर कंडीशनिंग और
सीसीटीवी कैमरों की सुविधा उपलब्ध है। इससे यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में
लगातार काम कर रही है। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
दिल्ली रूट पर यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
रुड़की से दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से स्थानीय यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिला।
लंबे समय से दिल्ली मार्ग पर बेहतर परिवहन विकल्प की मांग कर रहे लोगों के लिए इस सेवा को अहम कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में एआरटीओ जितेंद्र कुमार, परिवहन प्राधिकरण सदस्य संजय अरोड़ा, हरदीप सिंह, विशाल वर्मा, संजीव तोमर समेत
परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।















Leave a Reply