सड़क पर बेल्ट और लात-घूंसे चले
फैक्ट्री की छुट्टी के बाद दो पक्षों में भिड़ंत, युवतियां भी मारपीट में शामिल; वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
सिडकुल क्षेत्र में युवक और युवती के बीच हुआ आपसी विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए।
इस दौरान जमकर लात-घूंसे चले। वायरल वीडियो में कुछ लोग बेल्ट से भी एक-दूसरे की पिटाई करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक और युवती के बीच शुरू हुआ था। फैक्ट्री की छुट्टी के समय विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई युवक और युवतियां मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद सड़क पर ही जमकर मारपीट शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
कुछ युवतियां भी विवाद और मारपीट में शामिल नजर आ रही हैं।
सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना को देखने के लिए राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ भी जुट गई।
हालांकि, मारपीट की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान
सिडकुल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अजय शाह ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की जांच जारी है।
अब यह साफ होना बाकी है कि विवाद किस बात से शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।















Leave a Reply