रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में हंगामा

BAMS-BUMS छात्रों का 12 घंटे चला प्रदर्शन खत्म, VC के लिखित आश्वासन पर टंकी से उतरे

देहरादून: हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में BAMS-BUMS छात्रों का करीब 12 घंटे चला प्रदर्शन देर रात खत्म हो गया।

लंबित परीक्षा परिणाम और समय पर परीक्षाएं नहीं होने से नाराज छात्र सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़ गए थे।

10 दिन में रिजल्ट जारी करने का आश्वासन

वाइस चांसलर प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने छात्रों को लिखित आश्वासन दिया,

जिसके बाद रात करीब एक बजे सभी छात्र टंकी से नीचे उतर गए।

लिखित आश्वासन में विश्वविद्यालय ने लंबित सभी परीक्षा परिणाम 10 दिन के भीतर जारी करने की बात कही है।

इसके अलावा अगली परीक्षाओं का टाइम टेबल एक सप्ताह में जारी करने का भी आश्वासन छात्रों को दिया गया।

देरी से प्रभावित शैक्षणिक सत्र को कवर करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने की बात भी लिखित आश्वासन में शामिल है।

पेट्रोल की बोतल लेकर टंकी पर चढ़े छात्र

परीक्षा और रिजल्ट में देरी से नाराज सैकड़ों छात्रों ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में धरना शुरू किया था।

जब छात्रों की मांगों पर तत्काल सुनवाई नहीं हुई, तो चार-पांच छात्र विरोध जताने के लिए पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए।

बताया गया कि बाद में कुछ छात्र ज्वलनशील पदार्थ लेकर भी टंकी पर पहुंच गए,

जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई।

डोईवाला पुलिस और प्रशासन की टीम देर रात तक छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।

6-8 महीने पीछे हुआ शैक्षणिक सत्र

छात्रों का आरोप है कि परीक्षा और रिजल्ट में देरी के कारण उनका शैक्षणिक सत्र छह से आठ महीने पीछे हो गया है।

इस देरी का असर उनकी इंटर्नशिप और आगे की पढ़ाई पर पड़ रहा है, जिससे छात्रों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी।

छात्रों का दावा है कि उन्होंने कुलपति और रजिस्ट्रार को कई बार लिखित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

उनका आरोप है कि हर बार सिर्फ आश्वासन मिला और परीक्षा तथा परिणाम से जुड़े मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस की समझाइश के बाद बनी बात

पानी की टंकी पर छात्रों के चढ़ने की सूचना मिलते ही डोईवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्हें शांतिपूर्वक नीचे उतरने की लगातार अपील की।

काफी देर तक बातचीत और समझाइश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया।

आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त किया और सभी छात्र सुरक्षित रूप से पानी की टंकी से नीचे उतर गए।

बिना किसी अप्रिय घटना के छात्रों का प्रदर्शन समाप्त होने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

https://regionalreporter.in/uttarakhand-seasonal-influenza-alert-health-department-guidelines/
https://youtu.be/Nw4bM-WdvFE?si=fgPTJ_kqq4iW9w_U
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *