श्रीनगर गढ़वाल में नया बिजली कनेक्शन देने में ऊर्जा निगम की लापरवाही का मामला सामने आया है।
उपभोक्ता को करीब डेढ़ साल तक इंतजार करना पड़ा।
सर्विस केबल उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर विभाग नया कनेक्शन देने में लगातार आनाकानी कर रहा था।
मामला विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच तक पहुंचा तो विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी।
फरवरी 2025 में किया था कनेक्शन के लिए आवेदन
धनंजय प्रसाद निवासी बिल्केदार, ग्राम धनचढ़ा नाकोट ने फरवरी 2025 में अपने आवास के लिए नए बिजली कनेक्शन का आवेदन किया था।
इसके बाद उन्होंने 29 मार्च 2025 को कनेक्शन शुल्क के रूप में 2,200 रुपये भी जमा कर दिए थे।
इसके बावजूद लंबे समय तक उनके घर पर नया विद्युत संयोजन नहीं लगाया गया।
करीब डेढ़ साल तक कनेक्शन नहीं मिलने पर उपभोक्ता ने 28 जुलाई 2026 को विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच में शिकायत दर्ज कराई।
मंच ने ऊर्जा निगम को जारी किया नोटिस
शिकायत मिलने के बाद मंच ने उसी दिन विद्युत वितरण खंड श्रीनगर गढ़वाल के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
मामले की सुनवाई बुधवार को मंच के न्यायिक सदस्य कीर्ति प्रसाद भट्ट और उपभोक्ता सदस्य अमित ठाकुर ने की।
सुनवाई के दौरान विभाग ने लिखित जवाब में अपनी स्थिति स्पष्ट की।

सर्विस केबल नहीं होने का दिया हवाला
ऊर्जा निगम ने बताया कि श्रीनगर के भंडार उपकेंद्र में सर्विस केबल उपलब्ध नहीं होने के कारण उपभोक्ता के घर बिजली कनेक्शन नहीं लगाया जा सका था।
हालांकि, शिकायत मंच की कार्रवाई के बाद विभाग ने तेजी दिखाई और 1 अगस्त 2026 को उपभोक्ता के आवास पर नया मीटर स्थापित कर दिया।
इस तरह शिकायत दर्ज होने के महज कुछ दिनों के भीतर उपभोक्ता को नया बिजली कनेक्शन मिल गया।
मंच की कार्रवाई से उपभोक्ता को मिली राहत
मामले में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के हस्तक्षेप से करीब डेढ़ साल से लंबित कनेक्शन का समाधान हो सका।
यह मामला बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के समय पर निस्तारण और विभागीय जवाबदेही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















Leave a Reply