रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

सचिवालय में महिला अनुभाग अधिकारी से अभद्रता और धमकी का आरोप

उत्तराखंड सचिवालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की एक महिला अनुभाग अधिकारी से अभद्रता,

गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि सहकारिता विभाग में तैनात एक उपनल कर्मी महिला अधिकारी को सोशल मीडिया और फोन के जरिए परेशान कर रहा था।

शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक पर ब्लॉक करने के बाद फोन करने का आरोप

महिला अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले फेसबुक के जरिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया था।

इसके बाद उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी बार-बार उनके मोबाइल पर फोन करने लगा।

परेशान होकर उन्होंने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

कार्यालय पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचा।

वहां उसने महिला अधिकारी के साथ अभद्रता की और गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकी दी।

महिला अधिकारी का आरोप है कि सहकर्मियों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह सचिवालय परिसर से बाहर भाग गया।

इसके बाद सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी के साथ मारपीट किए जाने का भी दावा किया गया है।

पीछा करने का भी आरोप, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

महिला अधिकारी ने शिकायत में आरोप लगाया कि कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था।

उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका भी व्यक्त की है।

बताया गया है कि आरोपी को सचिवालय में उसकी तैनाती से भी हटा दिया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

नगर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है

और आरोपी की तलाश जारी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

https://regionalreporter.in/ankita-bhandari-case-urmila-sanawar-narco-test/
https://youtu.be/Ya781mRMU3Q?si=ExV55BRf3eCFxRSt
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *