मतदान प्रक्रिया जारी, आज ही आएंगे नतीजे
उत्तराखंड के 12 जिलों में ग्राम पंचायतों के उप प्रधान पद के लिए बुधवार, 15 जुलाई को मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है।
निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां मंगलवार को ही पूरी कर ली गई थीं।
पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं और प्रशासन ने संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
सुबह से शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:30 बजे से चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
उम्मीदवारों को नामांकन प्रपत्र वितरित किए गए, जिसके बाद नामांकन दाखिल करने, जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया तय समय के अनुसार संपन्न कराई जा रही है।
इसके बाद दोपहर में मतदान कराया जाएगा और शाम से मतगणना शुरू होगी। विजयी प्रत्याशियों को परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद विजय प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे।
संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि अन्य केंद्रों पर नियमित पुलिस गश्त जारी रहेगी।
निर्वाचन अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप प्रधान चुनाव का पूरा कार्यक्रम
- सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक – नामांकन पत्र जमा
- सुबह 11:00 से दोपहर 12:00 बजे तक – नामांकन पत्रों की जांच
- दोपहर 12:00 से 12:30 बजे तक – नाम वापसी
- दोपहर 12:30 से 1:00 बजे तक – चुनाव चिन्ह आवंटन
- दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक – मतदान
- शाम 4:00 बजे से – मतगणना (कार्य समाप्ति तक)
प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रदेश में निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।















Leave a Reply