देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली समेत कई जिलों में आज भी तेज बारिश की संभावना, लोगों से सतर्क रहने की अपील
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है।
नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि कई संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हो गए हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
वहीं देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
आकाशीय बिजली और तेज बारिश का भी अनुमान
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की चेतावनी दी है।
वहीं मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
देहरादून में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें बंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रुद्रप्रयाग जिले में हाल के दिनों में तेज बारिश के चलते कई क्षेत्रों में मलबा आने और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं।
केदारनाथ यात्रा पर भी असर
लगातार हो रही बारिश का असर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी देखा जा रहा है।
कई स्थानों पर मलबा आने और मार्ग बाधित होने के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
वहीं, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।















Leave a Reply