वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार देर रात विशेष विमान से मुंबई पहुंचाए गए।
वियतनाम एयरलाइंस की विशेष उड़ान (वीएन-979) रात 9:19 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मंगलवार को शवों को उनके गृह राज्यों के लिए रवाना किया गया।
तीन राज्यों में भेजे गए शव
मृतकों में 10 तमिलनाडु, दो केरल और तीन आंध्र प्रदेश के निवासी थे।
सभी शव घरेलू उड़ानों के माध्यम से चेन्नई, कोयंबटूर, तिरुवनंतपुरम और हैदराबाद भेजे गए। वहां से एम्बुलेंस के जरिए शवों को उनके घरों तक पहुंचाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
भारत सरकार ने किया समन्वय
भारत सरकार और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने शवों को स्वदेश लाने की पूरी प्रक्रिया का समन्वय किया।
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम और इमिग्रेशन की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को संबंधित राज्यों के लिए रवाना किया गया।
11 जुलाई को हुआ था हादसा
11 जुलाई को फु क्वोक द्वीप के पास 32 भारतीय पर्यटकों और चार स्थानीय चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही स्पीडबोट पलट गई थी।
हादसे में 15 भारतीयों की मौत हो गई, जबकि 16 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
एक पर्यटक का अभी भी उपचार चल रहा है। मामले में नाव संचालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, लावा इंटरनेशनल ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।















Leave a Reply