उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।
इस बीच पौड़ी जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद नेगी ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में बदलाव की संभावना जताई है।
उन्होंने दावा किया कि जनता मौजूदा सरकार से निराश है और कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है।
नेगी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, युवाओं के मुद्दों और कांग्रेस की एकजुटता पर भी अपनी बात रखी।
पेपर लीक और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को घेरा
विनोद नेगी ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनता बदलाव चाहती है।
पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं और उनके परिवारों की उम्मीदों को झटका दिया है।
पहाड़ के माता-पिता अपने बच्चों को पढ़ाकर बेहतर भविष्य की उम्मीद करते हैं, लेकिन भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद युवाओं में निराशा और आक्रोश पैदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल गांव-गांव पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं।
गाड़-गदेरे पार कर जनता के बीच पहुंचने से उनकी अलग पहचान बनी है। नेगी ने दावा किया कि श्रीनगर की जनता गणेश गोदियाल के समर्थन में एकजुट हो रही है।

अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर विनोद नेगी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि दोषियों को सजा मिले
और मामले में कथित VIP एंगल से जुड़े सवालों के जवाब सामने आएं।
उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने भी मामले को लेकर अपनी आशंकाएं जाहिर की हैं।
ऐसे में पीड़ित परिवार की मांगों और जनता की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाते
हुए नेगी ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर स्पष्टता जरूरी है।
उन्होंने भाजपा पर जनता की भावनाओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस सरकार बनने पर न्याय दिलाने का प्रयास: नेगी
विनोद नेगी ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में अंकिता को न्याय मिलने की उम्मीद कम दिखाई देती है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर अंकिता को न्याय दिलाने
और उनके माता-पिता के सवालों के जवाब सामने लाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिलने पर कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
नेगी ने राहुल गांधी के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं, महिलाओं और आम लोगों की समस्याओं को समझने की कोशिश की है।
कांग्रेस में मतभेद से इनकार, 2027 की तैयारी पर जोर
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की जनसंवाद यात्रा और पार्टी नेताओं के बीच मतभेदों से जुड़े सवाल
पर विनोद नेगी ने कांग्रेस में किसी भी तरह के अलगाव से इनकार किया।
उन्होंने हरीश रावत को सम्मानित नेता बताते हुए कहा कि पार्टी संगठन के साथ मिलकर काम करती है।
नेगी ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व राजनीतिक दिशा तय करता है और सभी नेता उसी के अनुसार काम करते हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस नेता एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जिताने के लिए काम करेंगे।















Leave a Reply