31 अगस्त तक करें पंजीकरण
उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के युवाओं के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और औद्योगिक आदान-प्रदान का मिलेगा अवसर
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत
आयोजित ‘युवा संगम’ चरण-7 के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय को उत्तराखंड का नोडल संस्थान नियुक्त किया गया है।
इस चरण में उत्तराखंड राज्य का युग्मन पश्चिम बंगाल के साथ किया गया है।
कार्यक्रम में गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय और आईआईटी खड़गपुर मेजबान संस्थानों के रूप में सहभागिता करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह के दिशा-निर्देशन और अनुमोदन के अनुसार कार्यक्रम की रूपरेखा और दिशा-निर्देश तय किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड के युवा जाएंगे पश्चिम बंगाल
युवा संगम चरण-7 के नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी ने बताया कि उत्तराखंड के युवाओं का चयनित प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक भ्रमण पर जाएगा।
वहीं, पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहर से रूबरू होने के लिए यहां पहुंचेगा।
प्रतिनिधिमंडलों की यात्रा, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा खर्च भारत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
पांच प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा भ्रमण
युवा संगम चरण-7 के अंतर्गत आयोजित यह अंतर-राज्यीय भ्रमण पांच प्रमुख स्तंभों पर आधारित रहेगा।
पर्यटन: ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
परंपरा: क्षेत्रीय कला, भाषा, साहित्य और परंपराओं का आदान-प्रदान होगा।
प्रगति: तकनीकी, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास का अवलोकन किया जाएगा।
परस्पर संपर्क: दोनों राज्यों के युवाओं के बीच सीधा संवाद और अंतर-व्यक्तिगत संबंध विकसित किए जाएंगे।
प्रौद्योगिकी: अत्याधुनिक नवाचारों और शैक्षणिक उत्कृष्टता से युवाओं को परिचित कराया जाएगा।
31 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण
प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी ने बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के युवाओं में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
विश्वविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के छात्र लगातार कार्यक्रम के लिए आवेदन कर रहे हैं।
एनएसएस, एनसीसी और एनवाईकेएस के स्वयंसेवकों के साथ ही ऑफ-कैंपस युवा भी इस अंतर-राज्यीय सांस्कृतिक यात्रा के लिए पंजीकरण करा सकते हैं।
आवेदकों की सुविधा और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
18 से 30 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवक तथा गैर-छात्र युवा भी आवेदन के पात्र हैं।
प्राप्त आवेदनों में से विविधता और प्रतिनिधित्व के आधार पर समिति द्वारा प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा।
इच्छुक युवा और छात्र समय रहते आधिकारिक पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूरा कर सकते हैं।
पंजीकरण पोर्टल: युवा संगम आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल















Leave a Reply