रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

दिल्ली के महरौली में इमारत गिरने से 2 की मौत, 10 घायल

दिल्ली के महरौली क्षेत्र में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सहदुलाजाब इलाके में एक बहुमंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया।

हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य छह की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया।

देर रात तक मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश का काम जारी रहा। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिया घटनास्थल का जायजा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे के बाद घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी, कैट्स और

सिविल डिफेंस की टीमें समन्वय के साथ राहत कार्य में जुटी हैं। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया हादसे का मंजर

स्थानीय लोगों के अनुसार इमारत लगभग पांच मंजिला थी और अचानक भरभराकर गिर गई।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा धूल का घना गुबार फैल गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है,

लेकिन अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

दमकल विभाग को शाम करीब 7:45 बजे हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे।

फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भवन की निर्माण गुणवत्ता तथा संरचनात्मक मजबूती की भी जांच की जा रही है।

https://regionalreporter.in/cid-issues-notice-following-attack-on-abhishek-banerjee/
https://youtu.be/BAM6iifLkq8?si=ns-6i-tkr72vr-yk
Website |  + posts

लेखिका बीते ढाई दशक से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं.वर्ष 2015 से रीजनल रिपोर्टर के संपादक के पद पर कार्यरत हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *