विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ तहसील क्षेत्र में तोडीडाली–पठाली–काकडागाड मोटर मार्ग का निर्माण वर्षों से अधूरा होने
और प्रभावित काश्तकारों को भूमि का मुआवजा नहीं मिलने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय का घेराव कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की मांग की।
मुआवजा नहीं मिलने से किसानों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई, उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है।
कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग रखने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द सड़क निर्माण पूरा नहीं किया गया
और प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं मिला, तो क्षेत्रवासी आगामी विधानसभा चुनाव का सामूहिक बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से विकास के नाम पर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है।
सड़क अधूरी होने से विकास पर असर
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में लापरवाही के कारण क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आज भी चुनौती बनी हुई है।
उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

लोनिवि ने दिया लिखित आश्वासन
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश प्रसाद नैथानी ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से वार्ता की।
उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण पर मजिस्ट्रेट स्तर से रोक लगी हुई है।
साथ ही लिखित आश्वासन दिया कि ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ दोबारा सर्वे कराया जाएगा
तथा शेष निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि विभाग ने वादे पर अमल नहीं किया, तो भविष्य में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में रहे मौजूद
प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख नर्मदा देवी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट,
प्रधान मनवर सिंह नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, काश्तकार और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।















Leave a Reply