रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

तुंगनाथ घाटी में बारिश का कहर, भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित

ढिलाणा विद्यालय पर मंडराया खतरा, ताला तोक में फिर सक्रिय हुआ भू-धंसाव; राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने किया निरीक्षण

तुंगनाथ घाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

क्षेत्र के कई गांवों में भूस्खलन और भू-धंसाव की घटनाएं सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

वहीं, कुण्ड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और चट्टानें गिरने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है।

ढिलाणा प्राथमिक विद्यालय खतरे की जद में

लगातार हो रही बारिश का सबसे अधिक असर ढिलाणा प्राथमिक विद्यालय पर देखने को मिल रहा है।

विद्यालय परिसर के आसपास भूमि कटाव तेज होने से भवन पर खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल भू-सुरक्षा कार्य

और सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए गए तो विद्यालय भवन को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

वहीं, ग्रामीण प्रेम सिंह के मकान के निचले हिस्से में भी भूस्खलन होने से भविष्य में मकान के लिए खतरा पैदा हो गया है।

ताला तोक में फिर बढ़ा भू-धंसाव

कुण्ड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ताला तोक में एक बार फिर भू-धंसाव सक्रिय हो गया है।

कई स्थानों पर जमीन में दरारें चौड़ी होने लगी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

क्षेत्र के प्रधान प्रतिपाल बजवाल ने प्रशासन से प्रभावित इलाके का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने और स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

उनका कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे राज्य मंत्री

बारिश और भूस्खलन की सूचना मिलने पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।

राज्य मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जहां भी भूस्खलन या भू-धंसाव का खतरा है,

वहां तत्काल राहत और सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं।

उन्होंने कुण्ड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा हटाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मार्ग को जल्द पूरी तरह सुरक्षित बनाने के निर्देश भी दिए।

ग्रामीणों ने रखीं प्रमुख मांगें

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने राज्य मंत्री के समक्ष ढिलाणा प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा, ताला तोक में भू-धंसाव के स्थायी समाधान, सुरक्षा दीवारों के निर्माण और बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग रखी।

राज्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा

और आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी प्रस्ताव भेजे जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र नेगी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव भट्ट, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

https://youtu.be/UT6fvGg6OrQ?si=rkKzryXYXiCSiaUy
https://regionalreporter.in/hnb-garhwal-university-premchand-jayanti-seminar-srinagar-garhwal/
लक्ष्मण सिंह नेगी
+ posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *