श्रीनगर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से गांजे की बड़ी खेप बरामद की है।
आवास विकास ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने इको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली।
तलाशी में 9 कट्टों के अंदर करीब 90 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
चेकिंग के दौरान खुला गांजा तस्करी का राज
पुलिस के अनुसार, आवास विकास ग्राउंड के पास नियमित चेकिंग चल रही थी।
इसी दौरान एंबुलेंस संख्या UK14-PA-0539 को रोककर जांच की गई। पुलिस को वाहन की तलाशी के दौरान 9 कट्टे मिले,
जिन्हें खोलने पर गांजा बरामद हुआ।
बरामद गांजे का कुल वजन करीब 90 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी है।

रुद्रप्रयाग से गांजा लाकर श्रीनगर में बेचने की थी तैयारी
मामले में पुलिस ने एंबुलेंस चालक रविंद्र सिंह बिष्ट (45) निवासी चौरास, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रुद्रप्रयाग से कम कीमत पर गांजा खरीदकर श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने के लिए ला रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है।
ऐसे में पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गांजा बरामद होने के बाद कोतवाली श्रीनगर में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एंबुलेंस को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप आरोपी को किसने उपलब्ध कराई थी और इसे श्रीनगर में किन लोगों
तक पहुंचाया जाना था। पुलिस संभावित सप्लायर और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।















Leave a Reply