15 विकासखंडों के 2000 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
स्वर्गीय विपिन रावत खेल स्टेडियम, श्रीकोट में मंगलवार को प्रारंभिक शिक्षा पौड़ी गढ़वाल की मिनी गढ़देवा 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया।
तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता 22 से 24 सितंबर तक आयोजित की जा रही है।
इसमें पौड़ी जिले के सभी 15 विकासखंडों से करीब 2000 बालक-बालिकाएं प्राथमिक और सब-जूनियर वर्ग में प्रतिभाग कर रहे हैं।

मंत्री ने खेल आयोजन के लिए एक लाख की घोषणा
उद्घाटन समारोह में डॉ. धन सिंह रावत ने बच्चों को खेलों के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मंत्री ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
मेयर आरती भंडारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेलों में पहचान बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, श्रीनगर और स्वामी ओंकारानंद, श्रीकोट गंगानाली के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
पिछले वर्ष की चैंपियन आरूषि आनन्दम पब्लिक स्कूल, ढामक खिर्सू ने मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की।

कबड्डी-खो-खो के मुकाबले, दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में मंगलवार को कबड्डी और खो-खो के शुरुआती मुकाबले भी खेले जाएंगे। वहीं 600 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
600 मीटर दौड़ में स्थान पाने वाले खिलाड़ी:
- प्रथम: किरन, राजकीय जूनियर हाईस्कूल मंगरो, थलीसैंण
- द्वितीय: रजनी, दिव्यभारत जूनियर हाईस्कूल गंगा भोगपुर, यमकेश्वर
- तृतीय: राधिका, राजकीय जूनियर हाईस्कूल देवार, कोट
दूसरे वर्ग की बालिका प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विजय, दिव्य भारत जूनियर हाईस्कूल गंगा भोगपुर, यमकेश्वर ने हासिल किया।
द्वितीय स्थान समर्थ, आयरिश पब्लिक स्कूल श्रीकोट, श्रीनगर-खिर्सू को मिला, जबकि तृतीय स्थान असदरजा, राजकीय जूनियर हाईस्कूल बलोडी, पौड़ी ने प्राप्त किया।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास
संयोजक अश्वनी रावत ने अतिथियों, शिक्षकों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिताओं में खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने का संदेश दिया।
आयोजन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सरिता उनियाल ने किया।
मिनी गढ़देवा 2026 में एथलेटिक्स के साथ अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।
आयोजन से पौड़ी जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।















Leave a Reply