गोमुख यात्रा पर निकला महाराष्ट्र का 65 वर्षीय पर्यटक चीडवासा से आगे कच्चीढांग के पास पैर फिसलने से करीब 130 मीटर गहरी खाई में गिरकर लापता हो गया।
हादसा शुक्रवार को हुआ। पर्यटक की पहचान महाराष्ट्र के राजगढ़ निवासी 65 वर्षीय राम कुमार हनुमान गुप्ता के रूप में हुई है।
वह पांच सदस्यीय दल के साथ गंगोत्री से गोमुख की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार कच्चीढांग के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से वह रास्ते से नीचे खाई में जा गिरे।
घटना के बाद साथियों ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
18 सदस्यीय टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलने के बाद शनिवार को एसडीआरएफ, वन विभाग, पुलिस और नेपाली पोर्टरों की 18 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने खाई और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
एसडीआरएफ के छह जवान और चार नेपाली पोर्टर गंगोत्री से रवाना हुए थे।
वहीं भोजवासा से वन विभाग के चार जवान, दो पुलिसकर्मी और दो पोर्टर भी रेस्क्यू अभियान में शामिल किए गए।
बारिश-बर्फबारी से रेस्क्यू में दिक्कत
गोमुख क्षेत्र में लगातार बारिश और बर्फबारी के साथ खराब मौसम के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आईं।
दुर्गम रास्ते और गहरी खाई के चलते टीम को काफी सावधानी के साथ सर्च ऑपरेशन चलाना पड़ा।
देर तक तलाश के बावजूद लापता पर्यटक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मौसम में सुधार के बाद अभियान को और व्यापक किए जाने की बात कही जा रही है।
राम कुमार के साथ यात्रा कर रहे अन्य पर्यटक फिलहाल गंगोत्री के एक होटल में रुके हैं।
प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार लापता पर्यटक की तलाश में जुटी है।















Leave a Reply