उत्तराखंड में अगले दो दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने कई
जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए चारधाम यात्रा,
हेमकुंड साहिब यात्रा और ट्रेकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। यात्रियों और आम लोगों से खराब मौसम के
दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
26 और 27 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की
संभावना है। 26 सितंबर को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर
के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी में रेड अलर्ट बताया गया है।
मौसम साफ होने तक चारधाम यात्रा रोकी गई
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए गढ़वाल मंडल के अधिकारियों की बैठक के बाद चारधाम यात्रा को मौसम
सामान्य होने तक रोकने का निर्णय लिया गया। इससे पहले यात्रियों को परिस्थितियों के अनुसार नजदीकी होल्डिंग
एरिया में रोकने की व्यवस्था पर विचार किया गया था, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा स्थगित करने
का फैसला लिया गया।
आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार, शनिवार दोपहर से चारधाम यात्रा रोकने की
योजना बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि यात्रा रविवार शाम तक या मौसम सामान्य होने तक रुकी रह सकती है।
मौसम सामान्य होने पर यात्रा दोबारा शुरू किए जाने की बात कही गई है।
केदारनाथ-बदरीनाथ समेत कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका
आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि दोपहर तक मौसम कुछ साफ था, लेकिन शाम से भारी बारिश की आशंका है।
गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के आसपास के क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश की संभावना जताई गई
है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में क्लाउड फॉर्मेशन भी बढ़ा है, ऐसे में यात्रा करना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है।
हेमकुंड साहिब और ट्रेकिंग पर भी रोक
खराब मौसम के मद्देनजर हेमकुंड साहिब की यात्रा और विभिन्न ट्रेकिंग रूटों पर भी रोक लगाई गई है।
अधिकारियों ने लोगों से मौसम सामान्य होने तक यात्रा से बचने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन
का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
जिलों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को भारतीय मौसम विभाग से भारी बारिश की संभावना की
जानकारी मिलने के बाद सभी जिलों के साथ बैठक की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्रशासन को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
फिलहाल यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम साफ होने तक चारधाम, हेमकुंड साहिब और ट्रेकिंग रूटों की
यात्रा न करें। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।















Leave a Reply