चमोली। ज्योतिर्मठ विकासखंड के दूरस्थ गांव कलगोठ में शिक्षक के अभाव में राजकीय विद्यालय की पढ़ाई प्रभावित हो गई है।
स्कूल में करीब 40 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय में तैनात एकमात्र शिक्षक का स्थानांतरण होने के बाद अब तक दूसरे शिक्षक की तैनाती नहीं हुई है।
मंगलवार को बच्चे रोज की तरह स्कूल पहुंचे, लेकिन शिक्षक नहीं होने से कक्षाएं संचालित नहीं हो सकीं।
इससे नाराज छात्र और अभिभावक सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से तत्काल शिक्षक की तैनाती की मांग की है।
पंचायत भवन में शुरू किया क्रमिक धरना
ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षक की नियुक्ति की मांग को लेकर पंचायत भवन में क्रमिक धरना शुरू कर दिया है।
उनका कहना है कि शिक्षक के बिना बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
अभिभावकों के अनुसार, सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में पहले ही शिक्षा के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
ऐसे में विद्यालय को शिक्षक विहीन छोड़ने से बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।
उनका कहना है कि विद्यालय में जल्द शिक्षक की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि करीब 40 बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
इसलिए विभाग को मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय में शिक्षक की व्यवस्था करनी चाहिए।















Leave a Reply