रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

CJP का दावा, 10 अक्टूबर से पहले गिरफ्तारी की तैयारी

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर दिल्ली में जुटने की तैयारी, अभिजीत दिपके बोले- ‘कितनों को गिरफ्तार करोगे’

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के आंदोलन ने अब नया मोड़ ले लिया है।

पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन की घोषणा की है।

प्रदर्शन से पहले पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया है कि सरकार CJP से जुड़े प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।

उनके मुताबिक, अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका, उन्हें और पार्टी के अन्य नेताओं को निशाना बनाया जा सकता है।

सौरव दास ने 4 अक्टूबर की रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह दावा पोस्ट किया।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी या किसी तरह की कार्रवाई से आंदोलन को रोका नहीं जा सकेगा।

उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने की अपील की।

हालांकि, नेताओं की गिरफ्तारी की तैयारी को लेकर सौरव दास के दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

अभिजीत दिपके ने पोस्ट शेयर कर सरकार को घेरा

सौरव दास के दावे के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने उनकी पोस्ट को शेयर किया।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित करते हुए लिखा, ‘कितनों को अरेस्ट करोगे, अमित शाह. 10 अक्टूबर को पूरा देश आ रहा है।’

CJP की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।

पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह आंदोलन कर रही है।

इससे पहले अभिजीत दिपके ने भी कहा था कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकती है तो जिस जगह रोका जाएगा, वहीं प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण रखने की बात कही थी।

CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर कई जगह प्रदर्शन

CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग लगातार उठाई जा रही है। दिल्ली के अलावा मुंबई समेत अन्य जगहों पर भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किए गए हैं।

4 अक्टूबर को दिल्ली में इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक ‘सिटिजन्स मार्च’ निकाला गया था।

अब CJP की नजर 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन पर है।

फिलहाल पार्टी की ओर से लगाए गए गिरफ्तारी की तैयारी के आरोप पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

https://youtu.be/a3bQYGDBUrw?si=Wnp66phiEgzuhIi9
https://regionalreporter.in/hema-negi-karasi-amazing-india-award/

Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *