युवा आयोग से औद्योगिक पार्क तक
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रगान हुआ।
मुख्यमंत्री ने वीर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

CM धामी ने की 7 बड़ी घोषणाएं
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
- चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
- प्रदेश में पहले युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।
- सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार व उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
- वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समयसीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
- प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
- 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। IIT और IIM जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा और बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
- प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।

आपदा प्रभावित परिवारों के साथ सरकार खड़ी : धामी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। राहत-बचाव के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों,
पेयजल और बिजली लाइनों को जल्द दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।
2035 तक विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य रखा है।
सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना,
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न रोपवे परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
जमरानी, लखवाड़, किशाऊ और सौंग बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन,
ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और शीतकालीन यात्रा जैसी योजनाएं प्रदेश में पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं।

सैनिकों और उनके परिवारों के लिए बड़े फैसले
CM धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है।
बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये
और परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों की अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।
प्रत्येक बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने की व्यवस्था भी की गई है।
युवाओं, महिलाओं और किसानों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को
प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी।
पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और किसानों को 3 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है।
34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिली है।
राज्य में स्टार्टअप की संख्या करीब 700 से बढ़कर 1,750 हो गई है।
पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि का दावा भी मुख्यमंत्री ने किया।

UCC और सख्त कानूनों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान और आधुनिकता के साथ संस्कृति व पहचान मजबूत हो।


















Leave a Reply