हरिद्वार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के 75वें जन्मदिन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।
उन्होंने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उम्र और अनुभव में उनसे बहुत बड़े हैं और उन्होंने देश के लिए काफी काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मां के प्रति श्रद्धा और सम्मान होना चाहिए।
धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की मां का उपहास उड़ाया गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से राहुल गांधी की सोच और राजनीतिक गरिमा पर सवाल खड़े होते हैं।
अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर भी घेरा
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी।
धामी ने कहा कि डोभाल ने देश की सुरक्षा और सीमाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड के लाल हैं और उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है।
धामी ने कहा कि राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार सेना और सेना से जुड़े लोगों को निशाना बनाते रहे हैं।
सतपाल महाराज के जन्मदिन समारोह में पहुंचे धामी
दरअसल, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिन हरिद्वार में मनाया गया।
ऋषिकुल मैदान में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि समारोह में शामिल होकर उन्हें आनंद की अनुभूति हुई।
इस दौरान विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प भी लिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सादगी, सरलता और अनुशासनपूर्ण जीवन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज इसी अनुशासन के साथ देवभूमि उत्तराखंड की सेवा कर रहे हैं।















Leave a Reply