सीएम धामी ने किया शिलान्यास और लोकार्पण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार, 15 जुलाई को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में
चमोली जनपद को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी।
इनमें 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का शिलान्यास
और 41.37 करोड़ रुपये की लागत वाली 27 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: सीएम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार यहां संतुलित और तेज विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल,
लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर लौह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण और विस्तार,
नन्दानगर की पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, कई बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नन्दप्रयाग,
पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन, स्टील गर्डर पुल और विभिन्न सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 41.37 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 27 विकास योजनाओं का भी लोकार्पण किया।
इनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण और डामरीकरण, स्वास्थ्य भवन,
विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी,
गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, सहकारी समिति भवन तथा कई सड़क अपग्रेडेशन परियोजनाएं शामिल हैं।
इन योजनाओं से चमोली जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, अनिल नौटियाल,
विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी,
जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।















Leave a Reply