NBW को लेकर NSUI-कांग्रेस का प्रदर्शन
DAV PG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से कुछ घंटे पहले सोमवार देर रात राजपुर रोड स्थित SSP कैंप कार्यालय के बाहर NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) का विरोध कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए।
NBW को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने बसों से हटाया
हंगामे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सदर, सीओ डोईवाला समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
हालांकि, नारेबाजी जारी रहने पर पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को बसों में बैठाकर SSP कैंप कार्यालय के बाहर से हटाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करीब छह महीने पुराने मामले में चुनाव से ठीक पहले बंटू के खिलाफ NBW जारी किया गया।
उनका दावा था कि बंटू पुलिस के संपर्क में थे और जांच में सहयोग कर रहे थे। इसके बावजूद अचानक गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।
बंटू का आरोप- चुनाव से पहले बनाया जा रहा दबाव
विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस उन पर देहरादून छोड़ने और DAV कॉलेज नहीं जाने का दबाव बना रही थी।
उनके मुताबिक, पुलिस ने उन्हें देहरादून SSP कार्यालय भी बुलाया था और शहर छोड़ने के लिए कहा था।
बंटू ने कहा कि उन्होंने पुलिस की यह बात मानने से इनकार कर दिया।
बंटू ने आरोप लगाया कि वह DAV के पूर्व छात्र हैं और छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने कार्रवाई को DAV छात्रसंघ चुनाव में NSUI प्रत्याशी के पक्ष में बन रहे माहौल से जोड़ते हुए राजनीतिक दबाव का आरोप लगाया।
ज्योति रौतेला बोलीं- चुनाव प्रभावित करने की कोशिश
कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी प्रदर्शन में पहुंचीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से एक दिन पहले NSUI से जुड़े युवा नेता के खिलाफ NBW जारी करना चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता चुनाव में सक्रिय रहेंगे।
एसपी सिटी ने कहा- कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी गई
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को कुछ कानूनी प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां थीं। बातचीत के दौरान उन्हें संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि DAV छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। ड्रोन और वीडियोग्राफी टीमों के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी।
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी संगठन या व्यक्ति की ओर से कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
DAV के आसपास पुलिस का फ्लैग मार्च
प्रदर्शन समाप्त कराने के बाद पुलिस ने DAV PG कॉलेज के आसपास करनपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान रास्तों पर समूह बनाकर खड़े छात्रों को वहां से हटाया गया।
पुलिस के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पुलिस की मौजूदगी में चुनाव कराने की तैयारी है।


















Leave a Reply