रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

देहरादून से गांव लौट रहे युवक की रास्ते में मौत

बाइक रोकते ही सीने में उठा दर्द

नागराजाधार के पास अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

देहरादून से अपने गांव लौट रहे एक बाइक सवार युवक की

उत्तरकाशी-नगुन-सुवाखोली-मसूरी मोटर मार्ग पर अचानक मौत हो गई।

घटना नागराजाधार के पास हुई, जहां युवक ने अचानक बाइक रोकी

और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद सड़क पर गिर पड़ा।

आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का माना जा रहा है।

बाइक से उतरते ही सड़क पर गिर पड़ा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक धीरे-धीरे बाइक की स्पीड कम करते हुए सड़क किनारे रुका।

बाइक से उतरते ही उसे सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और वह अचानक नीचे गिर गया।

पीछे आ रहे वाहन चालकों ने तुरंत उसकी मदद की और सीपीआर देने की कोशिश भी की, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।

इसके बाद एक कार सवार युवक को तत्काल चिन्यालीसौड़ अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक देहरादून के होटल में करता था काम

मृतक की पहचान भीम सिंह पुत्र पुलम सिंह (35 वर्ष) निवासी कुमराड़ा, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह देहरादून के एक होटल में काम करता था और छुट्टी लेकर अपने गांव लौट रहा था।

परिजनों के अनुसार मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष छाम दिलवर सिंह नेगी के मुताबिक घटना शाम करीब 6:45 बजे की है।

मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं और बाइक भी पूरी तरह सुरक्षित मिली है।

फिलहाल शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा टला

वहीं दूसरी ओर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मनकुटिया क्षेत्र में एक श्रद्धालु करीब 40 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों के बीच

रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला।

SDRF जवानों ने दिखाई बहादुरी

घटनास्थल बेहद दुर्गम और फिसलन भरा था, लेकिन SDRF टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए घायल यात्री तक पहुंच बनाई।

जवानों ने श्रद्धालु को स्टेचर में बांधकर सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।

https://regionalreporter.in/haridwar-tiger-poaching-shyampur-range-ranger-suspended/
https://youtu.be/9Uh5mRbFCJk?si=XJwmWCg_XvnqiAWm
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *