भीषण गर्मी के बीच श्रीनगर गढ़वाल के डांग क्षेत्र के वार्ड नंबर 33 और वार्ड नंबर 3 (स्थानीय लोगों के अनुसार गहड़ क्षेत्र) में
पिछले दो दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है
कि बिजली एक घंटे आती है और फिर तीन-तीन घंटे तक गुल रहती है। कई बार पूरे दिन बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी
परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहर तक भी नहीं लौटी बिजली
सोमवार (6 जुलाई) को दोपहर करीब 12 बजे तक भी वार्ड नंबर 33 में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र का ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है। हालांकि लोगों का आरोप है कि
ऊर्जा निगम को पहले से ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार रहना चाहिए था, लेकिन समय पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
दुकानदारों को हो रहा आर्थिक नुकसान
लगातार बिजली कटौती का असर स्थानीय व्यापारियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दुकानों में रखे फ्रिज बंद होने से दूध, दही,
कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम और अन्य खराब होने वाली खाद्य सामग्री खराब हो रही है, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान
उठाना पड़ रहा है।
उमस और गर्मी से लोग परेशान
रातभर बिजली गुल रहने से घरों में इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं। भीषण उमस और गर्मी के कारण बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं
को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।
जल्द समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने ऊर्जा निगम से जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।















Leave a Reply