रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

देहरादून में ‘मुंबई क्राइम ब्रांच’ बनकर पहुंचे ठग, कारोबारी का अपहरण कर 25 लाख की रंगदारी मांगी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में साइबर ठगी के बाद अब फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर अपहरण और रंगदारी वसूलने का

सनसनीखेज मामला सामने आया है। पटेल नगर क्षेत्र में पेपर उत्पाद निर्माण से जुड़े एक कारोबारी का कथित तौर पर

अपहरण कर उसे मकोका (MCOCA) और एनडीपीएस (NDPS) जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये

की रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर पहुंचे आरोपी

पीड़ित कारोबारी सिद्धार्थ अग्रवाल के मुताबिक, 25 जून को एक एसयूवी कार में सवार तीन पुरुष और एक महिला उनके

प्रतिष्ठान पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का पुलिस इंस्पेक्टर “रंजीत कांसले” बताते हुए कहा कि

उनके खिलाफ मुंबई में गंभीर शिकायत दर्ज है।

इसके बाद आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया,

किसी से संपर्क नहीं करने दिया और जबरन कार में बैठाकर सहारनपुर चौक स्थित एक होटल के बाहर ले गए।

मकोका और एनडीपीएस में फंसाने की दी धमकी

पीड़ित का आरोप है कि होटल के बाहर पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया गया कि उनके खिलाफ मकोका और एनडीपीएस

एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।

इसके बाद कथित अधिकारी ने मामला खत्म कराने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग की।

पिता और लोगों के पहुंचने से बची जान

जब कारोबारी ने पैसे न होने की बात कही और पिता से संपर्क करने की अनुमति मांगी,

तो आरोपी उन्हें वापस कार्यालय लेकर पहुंचे। इस दौरान कारोबारी के पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

लोगों ने कथित पुलिस अधिकारी से पहचान पत्र दिखाने और स्थानीय पुलिस बुलाने की बात कही,

जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने पुलिस स्टेशन बुलाने की धमकी भी दी।

चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस की लोगों से अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को किसी केंद्रीय या दूसरे राज्य की पुलिस का अधिकारी बताकर

कार्रवाई करने पहुंचे तो पहले उसकी पहचान और संबंधित विभाग से सत्यापन अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की

सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

बढ़ रहे फर्जी अधिकारी बनकर ठगी के मामले

हाल के महीनों में देशभर में फर्जी पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी, एनसीबी और साइबर सेल अधिकारी बनकर ठगी और

उगाही के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। ऐसे मामलों में पुलिस लोगों से सतर्क रहने और बिना सत्यापन किसी के साथ जाने

से बचने की सलाह दे रही है।

https://regionalreporter.in/pakistans-major-military-operation-on-the-afghanistan-border/
https://youtu.be/B81DhrHydEs?si=CHAmrh0E3-YzdyIz
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *