पुलिसकर्मियों के आंदोलन को दिया समर्थन, 13 जुलाई को रेलवे ग्राउंड में जुटेंगे पुलिसकर्मी
यूकेडी केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशीष सिंह नेगी ने ग्रेड पे 4600 की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तराखंड पुलिसकर्मियों का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में निभाते हैं जिम्मेदारी
आशीष सिंह नेगी ने कहा कि चाहे बारिश हो, आपदा हो या चारधाम यात्रा,
पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
इसके बावजूद वे पिछले करीब 20 वर्षों से ग्रेड पे 4600 की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी है।
मुख्यमंत्री से मांग पूरी करने की अपील
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
यदि सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती है तो 13 जुलाई को पुलिसकर्मी अपनी मांगों के समर्थन में देहरादून के रेलवे ग्राउंड में एकत्रित होंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री से पुलिसकर्मियों की वर्षों पुरानी मांग का शीघ्र समाधान करने की अपील की।
आंदोलन में साथ रहने का भरोसा
आशीष सिंह नेगी ने सभी समर्थकों से आंदोलन में एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल (मूलवासी) पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ा है।
यदि सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो पार्टी भी आंदोलन में पुलिसकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।















Leave a Reply