नैनीताल जिले के हल्द्वानी में करंट लगने से पिता और 12 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा उस वक्त हुआ जब पिता छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे।
इसी दौरान घर से सटे बिजली के पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है।
पिता को करंट की चपेट में देखकर बेटी उन्हें बचाने पहुंची और वह भी हादसे का शिकार हो गई।
मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
पिता को करंट लगा तो बचाने पहुंची बेटी
जानकारी के मुताबिक, बीती देर शाम नदीम सलमानी अपने घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन को ठीक कर रहे थे।
इसी दौरान वह घर के पास लगे विद्युत पोल की चपेट में आ गए।
नदीम को करंट लगने के बाद शोर सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा भी छत पर पहुंची।
पिता को बचाने की कोशिश में वह भी करंट की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद दोनों की हालत गंभीर हो गई। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मातम
एक साथ पिता और बेटी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
लोगों का दावा है कि विद्युत पोल से करंट उतरने की समस्या को लेकर विभाग से पहले भी शिकायत की गई थी,
लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद पिता-पुत्री की जान बचाई जा सकती थी।
हालांकि, विद्युत पोल से करंट उतरने और हादसे के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि नदीम सलमानी और उनकी बेटी को करंट लगने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट सामने आने पर मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी,
भाजपा नेता मजहर नईम नवाब, इसरार अहमद और समाजसेवी उवैस राजा समेत कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे।
सभी ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पिता-पुत्री की मौत किन परिस्थितियों में हुई और विद्युत पोल से करंट उतरने की बात कितनी सही है।















Leave a Reply