उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बाद मंच शुद्धिकरण विवाद एक बार फिर चर्चा में
आ गया है। श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने राहुल गांधी
के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में उन पर अनुसूचित जाति समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस के अनुसार, श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े विनोद कुमार आर्य और अमित कुमार की ओर से राहुल गांधी के
खिलाफ तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी के बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई कथित
टिप्पणी से अनुसूचित जाति समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(Q) के तहत मुकदमा दर्ज
किया है। मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है।
क्या है पूरा मंच शुद्धिकरण विवाद?
दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली आयोजित हुई थी। रैली के बाद हिंदूवादी संगठन की
ओर से कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर शुद्धिकरण यज्ञ कराया गया था। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा समर्थित संगठनों के बीच बयानबाजी तेज हो गई।
इसी विवाद को लेकर राहुल गांधी की ओर से की गई कथित टिप्पणी पर अब शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सार्वजनिक तौर पर की गई टिप्पणी से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायत पर जांच आगे बढ़ाएगी पुलिस
नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, अमित नाम के एक व्यक्ति की ओर से शिकायत दी गई थी।
शिकायत में राहुल गांधी के बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर आपत्ति जताई गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, शिकायतकर्ता अमित कुमार का कहना है कि रामलीला मैदान में सफाई अभियान चलाने के बाद शुद्धिकरण कराया गया
था। उनका आरोप है कि राहुल गांधी इस मामले को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। इसी के विरोध में उनके खिलाफ तहरीर दी गई।
राजनीतिक विवाद बढ़ने के आसार
राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद मंच शुद्धिकरण का मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर आगे
बढ़ गया है। कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई पर विरोध जताया जा रहा है, जबकि शिकायतकर्ता पक्ष पुलिस कार्रवाई को उचित बता रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply