ईको कार और लोडर की टक्कर में 2 की मौत; 5 घायल
हरिद्वार-देहरादून नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह मणिमाई मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी हिमालयन हॉस्पिटल ले जाया गया है।
सड़क किनारे खड़े लोडर से टकराई ईको कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लच्छीवाला टोल प्लाजा से कुछ पहले मणिमाई मंदिर के पास सड़क किनारे एक लोडर खड़ा था।
इसी दौरान देहरादून की ओर से जा रही एक ईको कार अनियंत्रित होकर लोडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में सवार थे सात लोग
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ईको कार में कुल सात लोग सवार थे।
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव में जुट गए। लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
इसी बीच डोईवाला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
दो लोगों की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं पांच घायलों को उपचार के लिए हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जुटा रही कार सवारों की जानकारी
डोईवाला पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कार सवारों और दुर्घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
















Leave a Reply