कव्वाली और लोकनृत्य ने बांधा समां
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक महोत्सव-2026 का भव्य समापन उत्साह और उमंग के बीच हुआ।
अंतिम दिन छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
बारिश के बीच भी नहीं टूटा उत्साह
मौसम में बदलाव और भारी बारिश के चलते कार्यक्रम स्थलों में बदलाव करना पड़ा। इसके बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह बरकरार रहा।
सभी प्रतियोगिताएं सीनेट सभागार और एसीएल सभागार में आयोजित की गईं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
एसीएल सभागार में कव्वाली की मधुर तानों और शास्त्रीय नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद उत्तराखंड की लोक संस्कृति को दर्शाते लोकनृत्य में विभिन्न टीमों ने आकर्षक प्रस्तुति दी।
वहीं, सीनेट सभागार में मीमिक्री और माइम के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली कटाक्ष करते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
विधायक ने साझा किए छात्र राजनीति के अनुभव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए अपने छात्र राजनीति के अनुभव साझा किए
और बताया कि उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत इसी विश्वविद्यालय से हुई थी।
उन्होंने छात्रसंघ पदाधिकारियों को मंच पर बुलाकर युवा नेताओं को सकारात्मक राजनीति और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
साथ ही, शिक्षकों के सम्मान और मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताया।

आयोजन को बताया महत्वपूर्ण मंच
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर प्रो. एच. बी. एस चौहान, प्रो. मोहन सिंह पंवार, प्रो. दीपक कुमार, प्रोफ. अतुल ध्यानी, प्रो. राकेश कुंवर और प्रो. अरुण रावत सहित कई शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

















Leave a Reply