कोटा ने लगातार तीसरी बार दिया AIR-1
विश्व की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Advanced 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
इस वर्ष बिहार के गया निवासी शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है।
शुभम वर्तमान में कोटा में रहकर IIT प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
JEE Main में भी शानदार प्रदर्शन करने वाले शुभम ने Advanced में शीर्ष स्थान हासिल कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
वहीं कोटा से ही तैयारी कर रहे कबीर छिल्लर ने ऑल इंडिया रैंक-2 और कोटा निवासी अर्णव गौतम ने ऑल इंडिया रैंक-7 प्राप्त की है।
कोटा ने एक बार फिर अपनी कोचिंग संस्कृति का दम दिखाते हुए लगातार तीसरे वर्ष JEE Advanced का ऑल इंडिया टॉपर दिया है।
इससे पहले 2024 में वेद लाहोटी और 2025 में रजित गुप्ता ने AIR-1 हासिल किया था।
शुभम कुमार ने बताया कि उन्होंने नियमित कोचिंग के साथ प्रतिदिन 6 से 8 घंटे सेल्फ स्टडी और रिवीजन किया।
उनका लक्ष्य IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई करना है। शुभम के पिता शिव कुमार गया में हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं,
जबकि उनकी मां कंचन देवी गृहिणी हैं।
ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाले कबीर छिल्लर ने अपनी सफलता का श्रेय फैकल्टी के मार्गदर्शन, निरंतर मॉक टेस्ट और प्रभावी टाइम मैनेजमेंट को दिया।
वहीं AIR-7 अर्णव गौतम ने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और कॉन्सेप्ट की मजबूत समझ उनकी सफलता की कुंजी रही।
कोटा के शिक्षण संस्थानों के अनुसार वर्ष 2000 के बाद यह 12वीं बार है जब JEE की शीर्ष रैंक कोटा के छात्र ने हासिल की है।
परिणामों ने एक बार फिर देश में कोटा को इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी का प्रमुख केंद्र साबित किया है।
लेखिका बीते ढाई दशक से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं.वर्ष 2015 से रीजनल रिपोर्टर के संपादक के पद पर कार्यरत हैं.















Leave a Reply